मऊ। सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन की 22 सदस्यीय नई कार्यकारिणी के गठन के लिए सोमवार को नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न पदों पर कुल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। नामांकन मंगलवार को भी होगा। नामांकन को लेकर कचहरी परिसर में सुरक्षा का व्यापक बंदोबस्त किया गया था।
इस संबंध में चुनाव संचालन समिति व एल्डर कमेटी के चेयरमैन दीनानाथ यादव ने बताया कि सोमवार को नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए रत्नाकर सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए युगेश कुमार गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया। वहीं साधारण उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए नरेंद्र प्रताप सुबोध तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए गुंजा सिंह ने नामांकन दाखिल किया।
उन्होंने बताया कि महामंत्री पद के लिए लक्ष्मीकांत यादव और राजेश कुमार सिंह तथा संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए अटल बिहारी सिंह और अशोक कुमार सूर्या एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए रामू चौहान ने नामांकन दाखिल किया। वरिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के छह पदों के लिए हरेंद्र नारायण चौहान तथा 6 सदस्यीय कनिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के लिए सोना, अरुण कुमार और राघवेंद्र प्रताप सिंह ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन मंगलवार को भी दाखिल होगा। इस दौरान एल्डर कमेटी के सदस्य रविंद्र लाल श्रीवास्तव, सर्वेश सिंह, चुनाव अधिकारी इकबाल अहमद ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग किया।