कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों से इतर समाज में जहर घोल भाईचारा समाप्त कर रही है। इनके बहकावे में नहीं आना है। अब सरकार से शिक्षा, रोजगार, कानून व्यवस्था समेत चिकित्सा पर बात होगी। कहा कि देश की जनता अब परिवर्तन चाह रही है। इसलिए कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वह जनता के बीच जाकर कांग्रेस पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार करते हुए सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत कराएं।
राय गोरखपुर से आजमगढ़ जाते समय बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से दोहरीघाट कस्बे में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बोल रहे थे। इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान शैलेश शाही, धर्मेंद्र राय, अमरेश चंद पांडेय, इंतखाब आलम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।