मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के बीच शनिवार को चली उठा पठक 20-20 क्रिकेट मैच की तरह रही। सुबह से ही लोग अपने टीवी एवं सोशल साइट पर दिन भर के बदलते घटनाक्रम को देखने में व्यस्त रहे। आखिरी दौर में पूर्वांचल के सांसद महंत आदित्यनाथ का मुख्यमंत्री पद के लिए नाम आने पर उनके समर्थक झूम उठे।
आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री पद की घोषणा के बाद जगह-जगह अबीर गुलाल लगाए गए। लोगों ने मिठाई बांटी वहीं हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर समर्थन में नारेबाजी की। नगर में हियुवा के जिला संयोजक अजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर नारेबाजी की।
घोसी संवाददाता के अनुसार पकड़ी मोड़ से लेकर पूरे नगर में उत्साहित हियुवा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। रानीपुर संवाददाता के अनुसार रानीपुर बाजार में शनिवार की शाम भारतीय जनता पार्टी से उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नाम की घोषणा के बाद कार्यकर्ता एवं उत्साहित समर्थक ख़ुशी से झूम उठे। इस दौरान मिठाईयां बांटकर और एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर ख़ुशीयां मनाई गई। इस अवसर पर मुन्ना मौर्य, योगेश प्रताप सिंह, हरेन्द्र चौहान, अजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, ललन सुधीर आदि उपस्थित। पहसा (ब्यूरो) योगी आदित्य नाथ को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा होते ही रतनपुरा बाजार सहित आस- पास क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं मे खुशी की लहर दौड़ गई। रतनपुरा बाजार स्थित पार्टी कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर बधाईयां दी। इस अवसर पर राजेंद्र पांडे, आनंद तिवारी, देवेंद्र सिंह, परशुराम सिंह, विजय भारती, विजय शंकर यादव, नंद जी यादव सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे।
इसके अलावा क्षेत्र के पहसा बाजार, हलधरपुर सहित अन्य चट्टी चौराहों पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी मे पटाखे छोडे। महंत आदित्यनाथ को सीएम बनाए जाने पर विहिप ने शनिवार की देर शाम को मिठाइयां वितरित कर खुशी मनाया। सहादतपुरा मुहल्ले में विहिप के पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाईं। इस मौके पर जिला मंत्री शैलेश मौर्य ,रामाश्रय भारद्वाज ,धनंजय सिंह चौहान , बेंचन राजभर , डा. जयराम सिंह और सुशील श्रीवासतव आदि मौजूद रहे।