मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में बुधवार को जिले में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन के कार्यों में कम प्रगति मिलने पर सीडीओ ने चेतावनी पत्र जारी करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) एमए किदवई ने बताया कि जिले में राज्य पेयजल मिशन को भेजी 148 योजनाओं में से 112 स्वीकृति हो चुकी हैं। स्वीकृति प्राप्त 112 योजनाओं के सापेक्ष 108 योजनाओं में कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। वहीं सीडीओ ने प्रगति समीक्षा में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कार्यों की प्रगति बहुत ही कम मिलने पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया।
बैठक में आईएसए संस्थाओं की कम प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी ने चेतावनी पत्र जारी करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक होने पर परियोजना में कार्यरत मजदूरों एवं कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने को भी कहा जिससे लक्ष्य को निर्धारित समय सीमा में प्राप्त किया जा सके।