मऊ। जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार कर की बैठक मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
इसमें जिले के उद्योग बंधुओं ने औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा में व्याप्त समस्याओं के समाधान की मांग की। उद्योग बंधुओं ने प्रशासन से बिजली आपूर्ति में सुधार के साथ ही क्षेत्र में जर्जर तारों को ठीक करने के लिए कहा।
बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा, कानून व्यवस्था को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी ली। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को उद्योग बंधुओं की उद्योग से जुड़ी समस्याओं को समय से निपटाने के लिए निर्देश दिये। सीडीओ ने हस्तशिल्प उद्योग के बढ़ावे पर भी जोर दिया। कहा कि कुटीर उद्योगों में सुधार कर रोजगार बढ़ाया जा सकता है।
इस दौरान सीडीओ ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, हस्तशिल्प विपणन योजना, मुख्यमंत्री विशिष्ट हस्तशिल्प पेंशन योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा मऊ के नाला एवं पानी की निकासी के संबंध में, औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा में विद्युत तार के सैग के ढीला होने आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी मऊ प्रशांत नागर ने सभी उद्योग बंधुओं की समस्याएं सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समय से कार्य कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर समस्त उद्यमी उपस्थित रहे।