मुहम्दाबाद गोहना कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर क्षेत्रीय विधायक श्रीराम सोनकर के तरफ से निर्मित हो रहे ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने किया। उन्होंने उक्त प्लांट को दो दिन में चालू किए जाने का निर्देश दिया। कोविड संक्रमण से बचाव को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आक्सीजन प्लांट का निर्माण शुरू हो गया है। इसके लिए गुजरात प्रांत से आवश्यक मशीनें यहां पहुंच चुकी है। इसे जल्द शुरू कराने को लेकर सीडीओ राम सिंह वर्मा ने सोमवार शाम छह बजे प्लांट का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिया। गुजरात से आई मशीनों को फिट करने के लिए टेक्निकल टीम के सदस्य भी यहां पहुंच कर अपना कार्य शुरू कर दिए थे। सीएचसी प्रभारी डॉ. अजय यादव ने बताया कि मंगलवार देर शाम या बुधवार को ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू हो सकती है।