मऊ। जिले की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजना की लेटलतीफी पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया है। सीडीओ रामसिंह वर्मा बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम योजना की जनपद स्तरीय समिति की बैठक कर रहे थे। इसमें अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि सद्भाव मंडप तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के उपभोग प्रमाणपत्र की जांच में कार्यदायी संस्था द्वारा रुचि नहीं ली जा रही है। जिस पर सीडीओ ने कार्यदायी संस्था पैकफेड व वक़्फ विकास निगम को निर्देशित किया गया कि दो दिन में समिति से समन्वय स्थापित कर जांच पूर्ण कराएं। वहीं राजकीय आईटीआई में निर्माणाधीन महिला शाखा में जिलाधिकारी के निरीक्षण की अनुपालन आख्या न प्रेषित करने पर मुख्य विकास अधिकारी ने पैकफेड को तुरंत प्रेषित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2022-23 के नवीन प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें वर्तमान वित्तीय वर्ष में नगर पंचायत कोपागंज में मिनी स्टेडियम ,सद्भाव मंडप, पेयजल परियोजना तथा राजकीय आईटीआई तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग की कुल 2266 लाख की नवीन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने के साथ राजकीय आईटीआई व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अगले 5 वर्ष की योजना को भी अनुमोदित किया गया।
बैठक में विकास खंड मुहम्मदाबाद में अल्पसंख्यक बाहुल्य ग्राम गालिबपुर, कुतुबपुर, नरौनी आदि के क्लस्टर बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। जिसके लिए नगर पंचायत व विकास खंड में सर्वे कराकर नवीन परियोजनाओं को स्वीकृति कराने का प्रस्ताव किया गया। बैठक में विधायक मुहम्मदाबाद राजेंद्र कुमार, मऊ नपाध्यक्ष तैयब पालकी सहित अन्य मौजूद रहे।