पुलिस लाइन सभागार में महिला सिपाही भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थी की लंबाई नापतीं महिला दारोगा और कांस्टेबल,मौजूद एएसपी सुनील कुमार सिंह।
पुलिस लाइन में सोमवार को विभिन्न जनपदों के अभ्यर्थियों का परीक्षण कड़ी सुरक्षा और सीसी कैमरे की निगहबानी में शुरू हुआ। अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, डाक्यूमेंट का सत्यापन किया गया। बोर्ड के निर्णय के बाद सामान्य मेडिकल की प्रक्रिया नहीं हुई। चयनित अभ्यर्थियों का आखिरी मेडिकल सभी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद होगा। सोमवार को 100 में 99 अभ्यर्थियों ने भाग लिया जिसमें से आठ अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से छांट दिए गए।
उत्तर प्रदेश पुलिस बोर्ड लखनऊ के दिशा निर्देश के बाद हाल में ही हुई महिला आरक्षी के लिए सोमवार से जिले में विभिन्न जनपदों के अभ्यर्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रारंभ में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, डाक्यूमेंट एवं मेडिकल की प्रक्रिया यही से संपन्न होनी थी लेकिन बाद में सामान्य मेडिकल प्रक्रिया को खत्म कर सिर्फ शारीरिक दक्षता एवं डाक्यूमेंट का ही परीक्षण संपन्न हुआ। अभ्यर्थियों को सीसी कैमरे की नजर में बैठाकर सत्यापन की प्रक्रिया नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देश पर शुरू हुई जो देर शाम तक चली। परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण हो जाने के बाद सभी का शाम को ही रिजल्ट घोषित कर सूचना पट्ट प चस्पा कर दिया गया।
नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कुल 100 अभ्यर्थियों में 99 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा का कहना है कि 100 में से आठ अभ्यर्थी नापतौल एवं शारीरिक दक्षता एवं एक उम्र कम होने के चलते चयनित होने से वंचित हुए। शेष को आगे की प्रक्रिया के लिए चयनित कर उनका रिजल्ट भी घोषित कर दिया गया है। बताया कि मंगलवार को 125 अभ्यर्थियों के परीक्षण की प्रक्रिया चलेगी।