बिजली चोरी रोकने के लिए प्रशासन कड़े कदम उठाने जा रहा है। बिजली विभाग पुलिस के साथ मिलकर बिजली चोरी रोकने के लिए कार्रवाई करेगी। बिजली चोरी पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
प्रशासन ने यह भी तय किया है कि अभियान चलाने से पहले जिले के सभी थानों में बिजली अधिकारियों के साथ पुलिस की बैठक होगी, जिसमें बकाएदारों की सूची, वसूली आदि पर चर्चा होगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को बिजली विभाग के अधिकारियों संग जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय और एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बैठक कर बिजली चेकिंग अभियान के बाबत रणनीति बनाई।
जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने इस दौरान कहा कि बिजली चोरी करने वाले लोगों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए डीएम चंद्रकांत पांडेय ने कहा कि बिजली चोरी, नया कनेक्शन, बकाया बिजली बिल समायोजन आदि के लिए 12 जनवरी से 28 फरवरी तक महाअभियान चलाया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग एवं तीनों अधिशासी अभियंता द्वारा यह तय किया गया है कि 12 से 14 जनवरी को प्रत्येक थानों पर बिजली विभाग के एसडीओ, जेई, एसडीएम, सीओ के साथ पुलिस की बैठक होगी।
इसमें स्थानीय प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। प्रधानों के साथ बैठक कर उन्हें बड़े और छोटे बकायदारों की सूची उपलब्ध करा दी जाएगी।
16 जनवरी से सभी गांवों एवं नगर क्षेत्र में कैंप लगाकर मीटर, नया कनेक्शन देने के साथ वसूली की जाएगी। एक फरवरी से अभियान कड़ा करते हुए बिजली चोरी करने वालों पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कोतवाली में 12 जनवरी को 12 बजे सभी सभासदगण, गणमान्य लोग, सीओ, एसडीएम के साथ बिजली विभाग के अधिकारी बैठक करेंगे।