मधुबन। थाना क्षेत्र के सिद्धा अहिलासपुर गांव से कोपागंज थाना क्षेत्र में एक गांव में गई बरात में बैंड बाजा के धुन पर नाचने को लेकर बरात में आए दो युवकों में विवाद हुआ। इसी रंजिश को लेकर बरात लौटने पर बरात पक्ष के दो समूहों के बीच मारपीट हो गई। इसमें पांच लोग घायल हो गए।
घायलों को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया। घायलों की तहरीर पर पुलिस ने एक पक्ष से 10 लोगों के विरुद्ध दूसरे पक्ष से 9 लोगों के विरुद्ध संबंधित धारा में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के सिद्धा अहिलासपुर निवासी रामप्यारे के लड़के की बरात बीते 25 मई को कोपागंज थाना क्षेत्र में गई हुई थी। बरात जब लड़की के घर पहुंची तो द्वार पूजा के समय बैंड बाजा पर नाचने को लेकर बरात गए, दो पक्ष आपस में कहासुनी कर लिए। जब बरात लौटकर घर पहुंची तो दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए जिसमें जमकर लाठी डंडा चले। मारपीट में दोनो पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष के हरिनाथ की पत्नी मनभावती देवी के तहरीर पर रामशब्द सहित दस के विरुद्ध तथा दूसरे पक्ष के रामशरीख के तहरीर पर पवारु सहित नौ के विरुद्ध संबंधित धारा में नामजद मुकदमा दर्ज किया है।