थाना क्षेत्र के भदसामानोपुर गांव निवासी तथा कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने गांव के चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित पर गेहूं की फसल काटने के दौरान हमला कर दिया। धमकी देने के साथ हवाई फायरिंग की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। कोपागंज थाना क्षेत्र के भदसामानोपुर निवासी राजेश राय ने बताया कि गांव में ही उसकी जमीन है। काबिज जमीन का करार पूर्व में गांव के ही कमरुज्जमा के साथ हुआ था। करार का निरस्तीकरण 28 अगस्त 2017 को रजिस्ट्री कार्यालय में कराया गया। उसी दिन निरस्तीकरण के बाद गांव के दिनेश मौर्य ने उस जमीन का बैनामा फर्जी व नियम विरुद्ध तरीके से कमरुज्जमा से करा लिया।
जमीन पर मालिकाना हक को लेकर प्रार्थी व दिनेश मौर्य के बीच वाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप लगाया कि बीते 11 अप्रैल की सुबह 8 बजे राजेश राय अपने काबिज जमीन पर गेहूं कटवाने पहुंचा। जहां गांव के ही विपक्षी दिनेश मौर्य, गनेश मौर्य तथा परिवार के दो लड़के तथा कुछ अज्ञात लोग असलहा लेकर होकर पहुंच गए। मारपीट भी की।
आसपास के ग्रामीणों ने बीच बचाव किया। हमलावरों से बचने के लिए जब घर की तरफ भागने लगे तो हमलावरों में से एक ने अवैध पिस्टल से फायर किया। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की शिकायत मुकामी थाना व पुलिस अधीक्षक से करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।