घोसी। नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पीड़ित महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस शनिवार को मां-बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपार निवासी निशा पटेल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के खैरा मुहम्मदपुर निवासी राधिका देवी और उसके पुत्र अमन ने रुपये लेकर सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए वर्ष 2019 में राधिका देवी ने अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में तीन बार में दो लाख रुपये जमा कराए थे। इसके बाद भी नौकरी नहीं मिली तो रुपये लौटाने में दोनों आनाकानी करने लगे। रुपये लौटाने के लिए दबाव बनाया तो गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के निर्देश और पीड़ित महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।