मऊ। सरायलखंसी थाना के बहरीपुर गांव के स्थित सिंधी बाबा के कुटी के पास बीते दिनों वाहन को ओवरटेक करने की बात पर विवाद हो गया। इसी दौरान एक पक्ष ने बाइक सवार पर कार चढ़ा दी। बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनाें का उपचार वाराणसी में चल रहा है। घायल के भाई ने सरायलखंसी थाने में तहरीर दी लेकिन मुकदमा नहीं दर्ज किया गया।
राजीव कुमार सिंह निवासी नखतपुर, थाना-मरदह, जनपद-गाजीपुर का आरोप है कि 18 मई को दिन में करीब 2.30 बजे उसका भाई बृजेश सिंह गांव के ही अपने दोस्त सलीम अंसारी उर्फ गुड्डू के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। दोनों मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना के बहरीपुर गांव के सिंधी बाबा कुटी के पास कार को ओवरटेक करने लगे। इसी बात पर कार में सवार दो लोगों से कहासुनी हो गई। कार चालक ने गालियां देनी शुरू की और कार उनकी बाइक पर चढ़ा दी। बृजेश व सलीम बुरी तरह घायल हो गए। उनको बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल मऊ में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने उनको ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। बृजेश सिंह अभी कोमा में है।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद से वह थाने का चक्कर लगा रहा है। कार के नंबर के साथ नामजद तहरीर दी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस बाबत थाना प्रभारी प्रवीण सिंह मामला पिछले महीने का है। दस दिन बाद तहरीर दी गई है। पुलिस ने ही दोनों घायलाें को भर्ती कराया था।घायल के भाई की तरफ से जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।