जहानागंज - करहां मार्ग पर सद्धोपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोखरी में गिरी कार।स
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सद्धोपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की भोर में चालक को झपकी आ जाने के चलते कार बेकाबू होकर पोखरी में जा गिरी। घटना के समय कार में सवार लोग मैहर से दर्शन कर लौट रहे थे। गनीमत रही कि पोखरी में पानी नहीं था। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के अतरारी गांव निवासी 26 वर्षीय मोहित सैनी कार चला रहे थे। वह अपने मित्रों के साथ उज्जैन और मैहर दर्शन करने गए थे। भोर में लौटते समय उन्होंने अपने दो मित्रों को लग्गूपुर में उतारा था। इसके बाद वह अकेले अपने घर अतरारी जा रहे थे। सद्धोपुर गांव के पास मोड़ पर उन्हें अचानक झपकी आ गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार से मोहित सैनी को सुरक्षित बाहर निकाला। मोहित को मुहम्मदाबाद गोहना के एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। वहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। इस दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस बाबत कोतवाल के के वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है।