कोपागंज। थाना क्षेत्र के वार्ड-1 कोपा कोहना स्थित फोरलेन पर बुधवार दोपहर दो पहिया वाहन के और कार की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार युवती घायल हो गई। आस- पास के लोगों की मदद से घायल को सीएचसी लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय नेहाल अहमद पुत्र रईस अहमद निवासी ग्राम हरदासपुर थाना कोपागंज बुधवार की दोपहर 2 बजे कोपागंज नगर पंचायत के मोहल्ला फुलेलपुरा से अपनी रिश्तेदार 20 वर्षीय लुबाना अंसार को अपनी बाइक पर बैठाकर कहीं जा रहा था। अभी वह बाजार से निकलकर कोपा कोहना स्थित बाजार मार्ग फोरलेन लिंक होते हुए फोरलेन पर पहुंचा था की गोरखपुर से तेज गति के साथ आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नेहाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लुबाना अंसार बुरी तरह घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सभी आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का जिला अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस ने शहरोज मोड़ पर खड़ी कार को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार था। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर जांच में जुटी रही।