मधुबन-दुबारी मार्ग पर तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई,मौके पर जुटे लोग।संवाद
- फोटो : सांकेतिक
मधुबन थाना क्षेत्र के रमऊपुर गांव में शुक्रवार की रात करीब 11:30 बजे कुत्ते को बचाने में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में आगे बैठे राजन मौर्या (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया और पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भेजवा दिया। मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी गांव निवासी रामबढ़ाई मौर्य के घर बहुभोज कार्यक्रम था।
कार्यक्रम में सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खानपुर मठिया निवासी राजकुमार गोड (19), चालक पंकज शर्मा (30), मोतीलाल (55), विवेक मौर्य (25) और बलिया जिले के उभाव थाना क्षेत्र के चनायल गांव निवासी राजन मौर्य (30) मौर्या शामिल होने गए थे।
भोजन करने के बाद सभी कार में सवार होकर रात में निकले थे। करीब 11:30 बजे अभी रमऊपुर पहुंचे थे, कि अचानक सामने कुत्ता आने से कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
शीशा टूटने से राजन मौर्या का सिर बाहर निकलने से पेड़ से टकराया और अधिक खून निकलने से उनकी मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से अंदर फंसे चार अन्य लोगों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव भेजवाया। चारों की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि राजन की मौत हो गई थी जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए।
इनमें से किसी ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। सीट बेल्ट लगाए होते तो अंदर लगे सुरक्षा उपकरण खुल जाते और राजन की जान बच जाती।