राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग भारत सरकार के सदस्य सचिव की तरफ से पूरे देश में बाल श्रम उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान एक अगस्त से 30 अगस्त 2024 तक श्रम से बालकों की स्वतंत्रता थीम पर संचालित किया जा रहा है। इसकी जानकारी जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने दी।
जिले में बाल श्रम उन्मूलन के लिए टीमों का गठन किया गया है, जो तहसीलवार उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में कार्य करेंगी। ये टीमें संबंधित तहसीलों से चिह्नित बाल श्रमिकों को कार्य स्थल से हटाकर 24 घंटे के अंदर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगी। उसी दिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से बाल श्रमिकों की आयु का परीक्षण भी कराया जाना अनिवार्य है। बाल श्रमिकों की आयु परीक्षण निशुल्क किए जाने और आयु प्रमाण पत्र उसी दिन उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी निरीक्षण टीमों द्वारा लाए गए बाल श्रमिकों की तात्कालिक देखभाल, उनके आश्रय, संरक्षण आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।