कोपागंज। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर अतिरिक्त ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अशोक कुमार ने कोपागंज नगर पंचायत में बनने वाले सभी मतदान केंद्रों का शनिवार को निरीक्षण किया। इसके उपरांत संबंधित क्षेत्र के बीएलओ से चुनाव तैयारियों की जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी निर्भीकता के साथ करने के लिए कहा ।
कोपागंज नगर पंचायत चुनाव के बाबत 10 मतदान केन्द्रों के 44 बूथों पर चुनाव कराने के लिए प्रशासन सारी तैयारियाें को मुकम्मल करने में जुट गया है। इस बार 18745 महिला व 20448 पुरुष सहित कुल 39193 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
निकाय चुनाव की अब तक तैयारियों का जायजा लेने निकले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अशोक कुमार ने मतदान केंद्र हबीब इंटर कालेज, प्राथमिक विद्यालय प्रथम, कंपोजिट विद्यालय कोपा कोहना, सरस्वती शिशु मंदिर, मदरसा जामे उलूम, मदरसा मसीयत उलूम, मदरसा मिस्वा उलूम, मदरसा अरविया जामे उलूम आदि का निरीक्षण किया।
उन्होंने स्थानीय लोगों से मिलकर इलाके में कानून व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन या चुनाव संबंधी कोई भी शिकायत होने पर उनसे या सम्बंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने का आह्वान किया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक सत्येंद्र मिश्रा, रामकीर्ति सिंह, एसओ अमित मिश्रा के अलावा लेखपाल अश्विनी राय, रामप्रसाद यादव, अलंकार वर्मा आदि मौजूद रहे।