मऊ। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति ने 16 मई को किसानों का सम्मान करने और 27 मई को देशव्यापी प्रतिरोध दिवस मनाने का आह्वान किया है। यह जानकारी अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार अनजान ने दी है। उन्होंने कहा है कि इस कार्यक्रम में लॉकडाउन का पालन किया जाएगा। कहा कि किसान संघर्ष समन्वय समिति की बैठक में किसानों, खेतिहर मजदूरों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिये गए संपूर्ण ऋण की माफी तथा किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए खरीफ फसल की बुवाई के लिए नया ऋण देने की मांग की गई है।
समिति ने कहा है कि सरकार ने दरबारी पूंजीपतियों के 61 हजार करोड़ के कर्जे माफ किए हैं। किसानों के ऋण भी माफ किए जाएं। अनजान ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट को देखते हुए हवाई जहाज में लगने वाले तेल की कीमत 22.54 रुपये प्रति लीटर की तरह डीजल की कीमत प्रति लीटर 22 रुपये कर दी जाय। प्रवासी मजदूरों को सरकारी खर्चे पर घर लौटाने की व्यवस्था करने की मांग की गई। अनजान ने कहा कि 27 मई को सभी लोग प्रतिरोध दिवस मनाएं। अपने खेतों, खलिहानों, अपने घरों, बालकनी में झंडा, पताका, पोस्टर, बैनर के साथ सरकार विरोधी नारे लिखकर तख्तियां लगाएं । समिति की बैठक में गेहूं के के साथ ही सब्जी, फल, अंडा, मधु, दूध का भी समर्थन मूल्य तय करने, बटाईदारों को उचित मुआवजा तथा स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने की मांग की गई।