मधुबन थाना क्षेत्र की दुबारी पुलिस चौकी पर तैनात सिपाहियों पर एक महिला ने अपने बेटे को पूछताछ के लिए बुलाकर पिटाई का आरोप लगाया है। महिला ने एसपी कमलेश बहादुर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, मधुबन थाना क्षेत्र के टमठा गांव निवासी गीता देवी पत्नी शिलाधर गोंड ने बताया कि बीते 15 मई को उनके भसुर (जेठ) ने एक मामले को लेकर उनके 17 वर्षीय बेटे के खिलाफ दुबारी पुलिस चौकी में शिकायती पत्र दिया था।
आरोप है कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने पवन को पूछताछ के लिए चौकी पर बुलाया। इसी दौरान वहां तैनात दो सिपाहियों ने नाबालिग को बैरक में ले जाकर उसके चेहरे पर कई थप्पड़ मारे।
आरोप है कि पिटाई के कारण किशोर के बाएं कान में गंभीर चोटें आई हैं। नाबालिग के साथ पुलिस अभिरक्षा में मारपीट का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले से अवगत कराया।
मधुबन में दूसरा मामला
जिले का मधुबन थाना इन दिनों चर्चा में है। इससे पहले सीओ मधुबन और एक सिपाही पर एक युवक ने मारपीट का आरोप लगाया था, जिसकी जांच चल रही है। ऐसे में यह दूसरा मामला है, जब मधुबन थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों पर फिर से मारपीट का आरोप लगा है।