2019 के उपचुनाव में भाजपा और 2023 के उपचुनाव में सपा को मिली थी जीत
फोटो
रजनीकांत पांडेय
मऊ। जिले की सबसे हॉट सीट घोसी विधानसभा पर जिले ही नहीं पूरे पूर्वांचल की नजर रहती है। सपा विधायक सुधाकर सिंह के आकस्मिक निधन से एक बार फिर घोसी में उपचुनाव होगा। घोसी में आठ साल में तीसरी बार उपचुनाव होगा। नए विधायक का कार्यकाल करीब 15 महीने का होगा। अगर फरवरी 2027 में विस चुनाव हुए तो।
आम चुनाव को लेकर वर्ष 2017 से अब तक चार बार विधानसभा के चुनाव हो चुके हैं। यह 2017 से अब तक दो बार उपचुनाव हो चुके हैं। इसमें एक बार भाजपा और एक बार सपा को जीत मिल चुकी है। उपचुनाव समेत कुल चार विस चुनाव के परिणाम को देखें तो अब तक दो बार भारतीय जनता पार्टी और दो बार समाजवादी पार्टी को सफलता मिल चुकी है।
बीते 2023 के उपचुनाव सबसे रोचक रहा। इस उपचुनाव में भाजपा के पूरे मंत्रीमंडल ने घोसी में डेरा डाल रखा था। बाहरी बनाम स्थानीय का नारा देकर दिवंगत सुधाकर सिंह ने रिकॉर्ड तोड़ मतों से सबसे बड़ी जीत हासिल की थी।
वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी फागू चौहान ने वर्तमान सदर विधायक और उस समय के तत्कालीन बसपा प्रत्याशी अब्बास अंसारी को हराकर चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद फागू चौहान ने बिहार का राज्यपाल बनाए जाने पर इस सीट पर वर्ष 2019 में उपचुनाव हुआ। इसमें भाजपा प्रत्याशी विजय राजभर ने दिवंगत सुधाकर सिंह को पराजित किया था।
वहीं वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान ने भाजपा के विजय राजभर को हराकर चुनाव जीता था। जहां उत्तर प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनने पर दारा सिंह चौहान ने एक वर्ष बाद ही सपा और विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसके बाद पांच सितंबर 2023 को उपचुनाव हुआ। जहां दारा सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा। वहीं सपा से दिवंगत सुधाकर सिंह के बीच मुकाबला हुआ। जहां सुधाकर सिंह ने रिकॉर्ड 42 हजार 759 मतों से चुनाव में जीत दर्ज की।
-
सपा को छोड़ना मंत्री दारासिंह चौहान को महंगा पड़ा घोसी उपचुनाव पर पूरे देश की नजर टिकी हुई थीं। इस सीट पर छह वर्ष में चौथी बार चुनाव हुआ था। इसे 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में सेमीफाइनल के रूप में देखा गया था। सीधा चुनावी मुकाबला भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच हुआ।
2023 उपचुनाव में सपा को 19.65 फीसदी ज्यादा मिले थे मत
2023 में हुए उपचुनाव में सुधाकर सिंह ने बड़ी जीत हासिल की थी। उपचुनाव के आंकड़े देखें तो कुल 2,17,571 वोट पड़े थे। इसमें सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह 1,24,427 वोट पाने में कामयाब रहे थे। यह कुल मतदान का 57.19 फीसदी है। भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह को 81,668 वोट मिले, जो कुल मतदान का 37.54 फीसदी है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को 19.65 फीसदी ज्यादा वोट मिले हैं।
इनसेट
दो साल दो माह ही विधायक रहे सुधाकर
बताते चलें कि यूपी में आम विधानसभा 2022 का चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च तक हुआ था। ऐसे में पांच साल का कार्यकाल फरवरी 2027 तक होगा। उपचुनाव 2023 में पांच सितंबर को जीत हासिल कर दिवंगत सुधाकर सिंह का दो साल दो माह से अधिक का कार्यकाल रहा।