मऊ। महीने भर से सोने और चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव जारी है। लगन से पहले सोने-चांदी के भाव में उछाल से सराफा कारोबारियों को झटका लगा है। सराफा प्रतिष्ठानों पर पहले से बुक 30 से 50 प्रतिशत आभूषण के ऑर्डर को ग्राहकों ने कैंसिल कर दिया है। सराफा कारोबारियों के मुताबिक एक माह में सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम 12600 और चांदी के भाव में 12 हजार प्रति किग्रा की दर से वृद्धि हुई है। दूसरी ओर से निवेशक सोने में निवेश कर रहे हैं। सराफा कारोबारी विजय सर्राफ ने बताया कि सोने-चांदी के भाव में उछाल से कारोबार काफी घट गया है। आम आदमी ने आभूषणों की खरीदारी कम कर दी है। जिनके घर में हाल ही में शादी है या शुभ कार्य है। वे हल्के ज्वेलरी का आर्डर दे रहे हैं। भाव बढ़ने से आर्डर में 30 से 50 प्रतिशत की कमी आई है। धवरियासाथ निवासी शीला सिंह ने बताया कि बेटे की शादी पड़ी है। वधु के लिए जेवर खरीदना है, लेकिन सोना-चांदी के भाव में भारी वृद्धि होने से बजट गड़बड़ा गया है। कुछ समझ में नहीं आ रहा है। करमी निवासी रविंद्र सिंह ने बताया कि सोने चांदी के कीमत बढ़ने से शादी के लिए बनाया गया बजट गड़बड़ा गया है। सराफा कारोबारी निखिल वर्मा ने बताया कि सोना-चांदी के भाव तेजी बढ़े हैं। महीने भर से रोजाना सोना-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव हो रहा है। बताया कि 18 कैरेट सोना दस ग्राम 55000 रुपये,10 ग्राम का सोने का बिस्किट 75600 रुपये, 24 कैरेट सोना प्रति 10 ग्राम 75600 रुपये हो गया है। वही चांदी 82000 रुपये प्रति किग्रा पहुंच गई है। वही एक माह पहले 18 कैरेट सोना दस ग्राम 47000 रुपये, 10 ग्राम सोने का बिस्किट 63000 रुपये, 24 कैरेट का सोना प्रति 10 ग्राम 63000 रुपये था। चांदी 70 हजार रुपया प्रति किग्रा थी। बताया कि एक माह में सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम 12600 और चांदी के भाव में 12 हजार प्रति किग्रा की दर वृद्धि दर्ज की गई है। साेने-चांदी का भाव बढ़ने से शादी में जुटे लोगों का बजट गड़बड़ा गया है। वे सराफा की दुकान आते है तो हल्के ज्वेलरी की डिमांड कर रहे हैं। भारी आभूषण के 30 से 50 प्रतिशत आर्डर कैंसिल हो गए।