मधुबन। तहसील क्षेत्र के धर्मपुर विशुनपुर के बिंटोलिया में घाघरा के कटान से रोकथाम के लिए शासन ने 4.92 लाख रूपया अवमुक्त किया। इससे देवारांचल के लोगों में खुशी है। बिंटोलिया में घाघरा प्रतिवर्ष अपना रौद्र रूप धारण करते हुए किसानों के सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य भूमि अपने आगोश में ले लेती है। ऐसे में बिंटोलिया के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा। समस्या समाधान के लिए ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू कर दिया। ग्रामीणों के आंदोलन के बाद कई बार धरना प्रदर्शन एवं अनशन को प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद स्थगित किया गया था। इस प्रयास का परिणाम रहा कि प्रदेश सरकार ने समस्या के निदान के लिए 4.92 लाख रुपया दिया। एसडीएम मधुबन ने इसकी पुष्टि की।