घोसी कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम द्वारा चोरी के 44 लाख कीमत माल और ट्रक के साथ पकड़े गए दो लोग।संवाद
- फोटो : MAU
घोसी। स्थानीय पुलिस और एसओजी की टीम ने रविवार की भोर तिलई गांव में एक मकान से चोरी के 45 लाख मूल्य के नायलन के धागे से भरा ट्रक बरामद किया। इस दौरान बहनोई और साले को गिरफ्तार किया। सामान को अगस्त तक मऊ आना था। ट्रांसपोर्टर ने घोसी कोतवाली में इसके गायब होने की सूचना दी थी। घटना में शामिल ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। एजी लॉज प्राइवेट कंपनी के मऊ शाखा के प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह ने घोसी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें 45 लाख रुपये मूल्य का 557 पेटी रेयान धागा 21 अगस्त को सूरत से मऊ के लिए निकला था, जिसे 26 अगस्त तक पहुंचना था। कई दिन बीतने के बाद जब ट्रक नहीं आया तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी गई। रविवार की भोर में कोतवाल केके गुप्ता तथा निरीक्षक क्राइम राजेश यादव को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तिलई गांव स्थित एक मकान में धागे बेचने के लिए ले जाए जा रहे है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस माल बरामद कर ट्रक मालिक संतोष गुप्ता तथा जीजा भीटी मऊ शहर निवासी चन्द गुप्ता को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। जबकि ट्रक चालक छोटू पांडेय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।