जिले में बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा लगातार बाधित हो रही है। शुक्रवार को भी इसके ठप हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसा केबल कटने की वजह से हो रहा है। सूत्रों की माने तो यह स्थिति अधिकतर शाम को सामने आ रही है।
बीते नवंबर माह में संचारमंत्री मनोज सिन्हा ने दोहरीघाट में ब्राडबैंड सेवा के उद्घाटन करने के दौरान आश्वासन दिया था कि जल्द ही जिले में बीएसएनएल का नेटवर्क दुरुस्त होगा। उन्होंने माना भी था कि बीएसएनएल के नेटवर्क में कुछ दिक्कतें हैं। लेकिन बीएसएनएल के सेवाओं में कोई सुधार नही दिख रहा। शुक्रवार की शाम अचानक बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। बताते चले कि जिले में करीब 2500 ब्राडबैंक उपभोक्ता हैं। इसमें अकेले नगर क्षेत्र में 1500 के करीब उपभोक्ता हैं। अधिकांश उपभोक्ता कामर्शियल श्रेणी में आते हैं। जिनके माध्यम से विभाग को अच्छा राजस्व भी मिलता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को शुक्रवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ब्राडबैंक के ठप होने से मीडिया जगत, बैंकिंग कारोबार पर असर पड़ा। जिला टेलीकाम अफसर एस डी राम ने बताया कि उन्हें ब्राडबैंड के खराब होने की कोई जानकारी नही है। वहीं नगर क्षेत्र के उपखंड अधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि रिलायंस वाले केबल डाल रहे थे। उन्होंने डीसीएसके महाविद्यालय मोड़ के पास बीएसएनएल के केबल को काट दिया। इसके चलते समस्या हुई है।