मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मड़ैया चट्टी पर रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे एक बोलेरो के पलटने से एक युवक की मौत हो गई जब कि उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को आनन फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बोलेरों में सवार लोग अपनी रिश्तेदारी में शव को मिट्टी देने जा रहे थे।
आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुराख्वाजा नयापुरा मोहल्ला निवासी 38 वर्षीय शमशेर आजम पुत्र अब्दुल जब्बार की रिश्तेदारी हलधरपुर में है। रिश्तेदारी में उसकी मामी का इंतकाल होने पर परिवार के सदस्य एक बोलेरो में सवार होकर हलधरपुर जा रहे थे। अभी उनकी बोलेरो मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मड़ैया चट्टी पर पहुंची थी कि चालक सामने एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा। इसी प्रयास में उसकी बोलेरो पलट गई। जिससे उसमें सवार शमशेर आलम पुत्र अब्दुल जब्बार की मौके पर ही मौत हो गई, जब कि उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बदरे आलम (36) एवं जमशेद आलम (35) पुत्रगण अब्दुल जब्बार, खैरुनिशा (60) पत्नी अब्दुल जब्बार, शमसु तरन्नुम (12) एवं असी तबस्सुम पुत्री गुलामनबी घायल हो गए। घायलों को आनन फानन जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से गांव में मातम है। घटना की सूचना पाकर रिश्तेदारी से लोग भी अस्पताल पहुंचे। मातम में जा रहा परिवार खुद ही हादसे का शिकार हो गया।