अमिला। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अतरसावा गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह एक बाइक में बोलेरो ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार महिला नीचे आ गिरी, जब तक वह संभल पाती वह बोलेरो की जद में आ गई, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतका की पहचान घोसी कोतवाली क्षेत्र के सोनाडीह गांव निवासी ऊषा देवी (48) पत्नी प्रमोद शर्मा के रूप में हुई। ऊषा अपने बेटे महेंद्र शर्मा के साथ बृहस्पतिवार को बाइक से आजमगढ़ की तरफ रिश्तेदारी जा रही थी। अभी वह दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अतरसावा गांव के पास पहुंची थी कि सामने से से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार उषा देवी नीचे गिर गईं। वहीं बोलेरो महिला को रौंदते हुए निकल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने गम्भीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़राव भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में बाइक चला रहा मृतका का पुत्र बच गया।