साइकिल से मऊ जा रहे एक युवक को मंगलवार की देर शाम सिकिटिया ओवरब्रिज के पास बोलेरो चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। वहीं एक अन्य घटना मधुबन थाना क्षेत्र के मर्यादपुर बाजार के डुमरी मोड़ पर बुधवार की दोपहर को हुई, जहां एक खाली ऑटो और सामने से आ रहे बोलेरो में टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो चालक घायल हो गया।
कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा बाजार निवासी धमेंद्र गुप्ता (20) पुत्र पतरू गुप्ता इंदारा बाजार में नाश्ते की दुकान संचालित करता है। बताया जाता है कि मंगलवार की शाम वह साइकिल से वह किसी काम से मऊ जा रहा था। तभी शहर कोतवाली क्षेत्र के सिकिटिया ओवरब्रिज के निकट एक बलिया की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो चालक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे धर्मेंद्र गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु का समाचार मिलते ही उसके परिजन सरकारी अस्पताल पहुंच गए। उधर, घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। बताया जाता है कि मृतक के परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है।
फतेहपुर मंडाव संवाददाता के मुताबिक, मधुबन थाना क्षेत्र के मर्यादपुर बाजार के डुमरी मोड़ पर बुधवार की दोपहर एक खाली ऑटो और सामने से आ रहे बोलेरो में टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो चालक घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।
मधुबन थाना क्षेत्र के कमलासागर निवासी अंचल यादव पुत्र राकेश ऑटो लेकर मधुबन से मर्यादपुर बाजार की तरफ आ रहा था। अभी वह क्षेत्र के डुमरी मोड़ के पास पहुंचा था कि बेल्थरारोड की तरफ से आ रहे बोलेरो से आमने सामने टक्कर हो गई, जिसमें चालक अंचल यादव घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को फतेहपुर मंडाव सीएचसी में लाकर भर्ती कराया।