रतनपुरा। एक शादी समारोह में बोलेरो अचानक नृत्य हो रहे मंच पर चढ़ गई। विवाह का खुशनुमा माहौल चीख पुकार में तब्दील कर दिया। देखते ही देखते छह युवक घायल होकर तड़पने लगे। मौके पर यह नजारा देख भयभीत सभी बराती शामियाना छोड़ फरार हो गए।
घटना हलधरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मलपुर लोहराई के कड़वरा पुरवे की है। मंगलवार की मध्य रात एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान एक तरफ शादी की रस्म अदायगी और दूसरी तरफ बारातियों से भरे शामियाना में नर्तकियों का नृत्य चल रहा था। बाराती और घराती मंत्रमुग्ध होकर नृत्य का आनंद ले रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार नृत्य मंच से कुछ दूर पर गांव के ही प्रधान पद के एक भावी प्रत्याशी की बोलेरो खड़ी थी। कुछ लोग साथियों के साथ नशे की हालत में नाच देख रहे थे। मदहोशी का नशा कुछ इस कदर छा गया कि रात एक बजे जब ठंड का एहसास हुआ तो बोलेरो में बैठे एक युवक ने पॉवर विंडो बंद करने के लिए जैसे ही चाभी घुमाया, कार स्टार्ट हो गई और धीरे धीरे बोलेरो मंच की तरफ बढ़ने लगी तब तक नाच देख रहे लोगों को कुछ पता नहीं चला सभी एकटक नृत्य पर आंखे गड़ाए रहे ,तब तक कार के अंदर बैठे युवक ने गाड़ी को रोकना चाहा तो पैर ब्रेक की बजाय एक्सीलेटर पर रख दिया जिससे कार का पिकअप बढ़ गया और वह तेजी से आगे बढ़ी और चारपाई पर बैठे दर्शकों को धक्का देते हुए मंच के लिए लगाई गई चौकियों पर चढ़ गई। इस घटना में छह युवक घायल होकर चीखने लगे। पलक झपकते ही पूरा शामियाना खाली हो गया। इस घटना में प्रदुम्न यादव (18) का पैर टूट गया तो वहीं विनोद यादव का चेहरा खून से लथपथ हो गया। पन्नू यादव, रामाशीष यादव, राम ईश्वर यादव और सनोज यादव को गंभीर चोटें आईं। घटना में घायलों को उसी बोलेरो कार से जिला अस्पताल ले जाया गया जहां घायलों का इलाज चल रहा है। उधर घटना के बाद जैसे तैसे विवाह की रस्म पूरी की गईं। इस संबंध में किसी पक्ष से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।