दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद मोहल्ले में मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर शनिवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से छात्र की मौत हो गई। इसके बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। छात्र अपने घर से साइकल से पढ़ने के लिए मदरसा जा रहा था। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर घटों जाम किया। सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
शनिवार की सुबह मुहम्म्द आरिफ(12) पुत्र मुहम्मद ओजैर निवासी मिर्जाहादीपुरा जहांगीराबाद स्थित आलिया मदरसे में पढ़ने के लिए साइकल से जा रहा था। आरिफ कक्षा सात का छात्र था। आरिफ जैसे ही मदरसे के मोड़ पर पहुंचा।
आजमगढ़ तिराहे की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे धक्का मार दिया। जिसके बाद आरिफ ट्रक के नीचे आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। इस घटना की जानकारी जैसे ही मदरसे के छात्रों और शिक्षकों को हुई उन्होंने मऊ-आजमगढ़ मार्ग को जाम कर दिया।
करीब दो घंटे तक जाम रहने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने ब्रेकर और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
जिसके बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। करीब दो घंटे तक जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस संबध में थानाध्यक्ष सुरेश मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक मृतक के पक्ष से किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।