रसोई गैस की उपलब्धता न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने नगर के मुंशीपुरा स्थित गैस एजेंसी के सामने बुधवार को सुबह लगभग साढे़ नौ बजे मऊ-आजमगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर और सीओ ने उपभोक्ताओं को समझाकर मामले को शांत कराया।
रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रति विभागीय अधिकारियों और प्रशासनिक लापरवाही के चलते नगर के गैस एजेंसी पर आए कई मोहल्लों के उपभोक्ता नई व्यवस्था में व्याप्त खामी ठीक न होने पर भड़क गए। उपभोक्ताओं ने मुंशीपुरा ओवरब्रिज के पास मऊ-आजमगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क के बीचोबीच नारेबाजी करने लगे। उपभोक्ताओं का कहना था कि मोबाइल से बुकिंग कराने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
एजेंसी कर्मचारी आज कल कहकर बैरंग लौटा दे रहे हैं। सिलेंडर न मिलने से अधिक कीमत पर गैस खरीदना पड़ रहा है। एजेंसी संचालक और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से गैस की कालाबाजारी कराई जा रही है। एजेंसी पर आधार कार्ड, फार्म नंबर चार जमा करने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। एजेंसी के बने काउंटर पर भारी भीड़ रहने के चलते एजेंसी कर्मचारी उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
सड़क पर लाइन लगाने के चलते दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। अधिकारी भी मामले को हल्के में ले रहे हैं। जानकारी होने पर एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सदर जगदंबा सिंह और सीओ अशोक कुमार यादव ने आश्वासन देकर मामला शांत कराया।