नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर शुक्रवार को अंडर-14 टीमों के बीच एनरिश क्रिकेट एकेडमी, मऊ और ब्लास्टर क्रिकेट क्लब, सैदपुर (गाजीपुर) के बीच रंगीन ड्रेस में 40-40 ओवर का मैच खेला गया। इसमें ब्लास्टर क्रिकेट क्लब ने 108 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
मैच में ब्लास्टर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो सही साबित हुआ। टीम की ओर से आर्यन राव ने 57, राज रतन ने 31, अभय साहनी ने 57 और अंतिम ओवरों में यश रघुवंशी ने 63 रन की शानदार पारी खेली।
इसके दम पर टीम ने 35 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। एनरिश क्रिकेट एकेडमी, मऊ की ओर से अभिनेष, सचिन यादव और रोहन यादव ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अंकित कुमार और करण प्रजापति को 1-1 विकेट मिला।
299 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनरिश क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन टीम इसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सकी और पूरी टीम 25.1 ओवर में 190 रन पर ऑलआउट हो गई।
मऊ की ओर से ओपनर दीपक ने 37 और रुद्रांश सोमवंशी ने 70 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। ब्लास्टर क्रिकेट क्लब की ओर से राघव, सीमांशु और शौर्य राय ने 2-2 विकेट लिए, जबकि यादवेंद्र और आदर्श जायसवाल को 1-1 विकेट मिला।
मैच में अंपायर की भूमिका प्रवीण चौरसिया और प्रिंस सरोज ने निभाई, जबकि स्कोरिंग अन्नू भारती ने की। अभय साहनी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।