कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में गिरती कानून व्यवस्था सहित 19 सूत्री मांगों को लेकर जुलूस निकाला। जुलूस दुबारी मोड़ से शुरू होकर तहसील तक गया। वहां पर तीन घंटे तक मौन धरना दिया गया। भाजपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
पार्टी नेता भरत सिंह के नेतृत्व में भाजपाइयों ने अपनी मांगों को लेकर मुंह पर पट्टी बांधकर तहसील परिसर में तीन घंटे तक मौन धरना दिया।
उसके बाद एसडीएम एमलाल को 19 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। उनकी मांगों में प्रमुख रूप से मधुबन दुबारी सड़क, अलीनगर मधुबन तथा मधुबन बेल्थरा अधूरी सड़क के निर्माण सहित एक दर्जन से अधिक सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य अविलंब कराना शामिल हैं।
इसके अलावा मधुबन में अघोषित बिजली कटौती कम करके कम से कम 16 घंटे बिजली की आपूर्ति करने, मोलनापुर, रामपुर बेलौली सबस्टेशन को कटघरा महलू से जोड़ने, सामुदायिक केंद्र फतेहपुर मंडाव में अल्ट्रासाउंड एक्स रे मशीन के लगाने के साथ बाल रोग व हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तथा क्षेत्र में गिरती कानून व्यवस्था को ठीक कराने की मांग शामिल है।
धरना प्रदर्शन में डां रविंद्र सिंह, अश्ववनी मल्ल, रामलाल चौहान, कौशल चौहान राधेश्याम सिंह रामेश्वर प्रसाद परमहंस सिंह मनोज गुप्ता आदि शामिल थे।