खुरहट बाजार में आयोजित चुनावीसभा को संबोधित करते युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, मंच पर मौजूद भोजपुरी स्टार पवन सिंह।
समाजवादी पार्टी के मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा के प्रत्याशी बैजनाथ पासवान के पक्ष में भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह एवं सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव के ने दो स्थानों पर चुनावी जनसभा की। करहां और खुरहट बाजार में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सपा और कांग्रेस के गठबंधन से सिर्फ विधानसभा चुनाव को लेकर ही नहीं बल्कि 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी डर रही है।
विकास यादव ने कहा कि भाजपा इन दिनों प्रदेश के चुनाव में अपराध की बात कर रही है। जब कि नेशनल क्राइम ब्यूरो रिकार्ड के अनुसार देखा जाए तो जो भी भाजपा शासित प्रदेश हैं वहां सबसे अधिक अपराध हुए हैं। कहा कि मोदी जी गदहे से प्रेरणा लेने की बात कहते हैं लेकिन वह माल ढोने का काम करता है न कि सरकार चलाने के काम आता है। अखिलेश सरकार ने न सिर्फ प्रदेश में युवाओं को रोजगार दिया बल्कि किसान, मजदूर को समाजवादी पेंशन भी दिया।
गरीबों के स्वास्थ्य के लिए एंबुलेंस चलाई, 100 नंबर पुलिस सेवा को मजबूत किया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए। कहा कि अखिलेश यादव की लोकप्रियता एवं गठबंधन से विपक्षी पार्टियां घबरा गई हैं। कहा कि पहली बार देश को ऐसा प्रधानमंत्री देश को मिला है जो झूठ भी बोलने से गुरेज नहीं करते हैं।
भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह ने अपने गीत के माध्यम से सपा का गुणगान किया और लोगों की वाहवाही लूटी। इस अवसर पर युवजन सभा के राष्ट्रीय महासचिव मनीष सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशा यादव, जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव, सूर्यभान यादव, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अशोक यादव, सयुस के पूर्व जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव, रवींद्र यादव, अमिरुल्लाह, अजीत यादव, रामशबद यादव, आदि शामिल रहे।