नगर के भुजौटी से निकले बाइक तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाते जिलाधिकारी अरूण कुमार।साथ में अन्य अधि?
- फोटो : MAU
मऊ। हर घर तिरंगा के तहत जिले में तिरंगा यात्रा निकाले जाने का सिलसिला जारी है। हर तबका उत्साह के साथ इसमें शिरकत करने से पीछे नहीं हट रहा है। रविवार को ही जिलाधिकारी अरुण कुमार के नेतृत्व में भुजौटी स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी परिसर से बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखा कर इसे रवाना किया। तिरंगा यात्रा में शामिल समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी राजकीय अलंकृत उद्यान चंद्रभानपुर पहुंचे, जहां पर सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों ने हर घर तिरंगा सेल्फी प्वाइंट पर फोटो लेकर संस्कृति विभाग द्वारा जारी वेबसाइट पर अपनी फोटो अपलोड की। जिलाधिकारी ने बताया कि आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। अब तक जनपद में तीन लाख 15 हजार से भी ज्यादा तिरंगे झंडे बांटे जा चुके हैं। उन्होंने जनपद वासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा। तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, एडीएम भानु प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट डीपी सिंह, सीडीओ अभय पांडेय सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। आजादी के अमृत महोत्सव पर महिला पुलिसकर्मियों ने पिंक वाहन तिरंगा मार्च निकाला। साथ ही लोगों को घर पर तिरंगा लगाए जाने के लिए प्रेरित किया। मार्च गाजीपुर तिराहे से शुरू होकर आजमगढ़ मोड़ होते हुए बाल निकेतन, सदर चौक, औरंगाबाद होते हुए मिर्जाहादीपुरा थाना दक्षिणटोला पर जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान बजे देशभक्ति गीतों ने लोगों में जोश और जज्बा भर दिया। संवाद