दोहरीघाट (मऊ)। थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में रेलवे स्टेशन के पास से बुधवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने वृद्ध को धक्का मार कर गिरा दिया और उसका एक लाख 20 हजार रुपये छीन कर फरार हो गए। दिनदहाड़े सरेबाजार हुई घटना से हड़कंप मच गया। घटना के समय पीड़ित वृद्ध दोहरीघाट बाजार स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक से डेढ़ लाख रुपया निकाल कर घर लौट रहा था। छीनाझपटी के दौरान झोले से तीस हजार रुपये मौके पर गिर गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके पीछे गई थी।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के सराय गणेश भैंसहा गांव के मूल निवासी पूजन चौहान कि ससुराल दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पतनई बुजुर्ग गांव में है, पूजन को ससुराल में नेवासा मिला है। इसके कारण पूजन परिवार सहित पतनई बुजुर्ग गांव में ही रहते हैं। किसी काम से पूजन ने दोहरीघाट कस्बा स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक से डेढ़ लाख रुपए निकाला।
रुपए झोले में रखकर पूजन पैदल ही बैंक से घर की ओर चल पड़े रेलवे स्टेशन के करीब पहुंचते ही थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए और धक्का मार दिया जिससे पूजन नीचे गिर पड़े इसी दौरान लुटेरे पूजन का रुपयों वाला झोला झीनने लगे झीना झपटी के दौरान पूजन के हाथ से झोले में रखी दस-दस हजार की तीन गड्डियां नीचे गिर गई। इस दौरान बदमाश एक लाख 20 हजार रुपया लेकर भागने में सफल रहे। दिनदहाड़े घटना को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश रेलवे स्टेशन से रेलवे लाइन होते हुए मधुबन रोड की तरफ फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने घटना की सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष एसएन यादव बदमाशों के पीछे गए थे।