सूरजपुर/ घोसी। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कोरौली गौरीडीह तिराहे पर शुक्रवार को दोपहर बाद पिकअप वाहन के टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत मौके पर ही हो गई। बाइक सवार घोसी कोतवाली क्षेत्र का था। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मिर्जाजमालपुर ग्राम पंचायत के चकबब्बन पुरवा निवासी रवि कुमार 24 पुत्र विजय शंकर किसी काम से कोरौली की ओर जा रहा था। गौरीडीह के पास पहुंचते ही उसकी बाइक सामने से आ रहे पिकअप वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार रवि पिकअप के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मृतक की जेब में पड़े आधार कार्ड के माध्यम से उसका पहचान किया। पुलिस ने मृतक की मोबाइल में सेव नंबरों के माध्यम से हादसे की जानकारी उसके परिवार वालों को दी। घटना की जानकारी पाते ही उसके परिजन रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने भेजवाया और वाहन के नंबर के आधार पर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। इस संबंध में एसओ सच्चिदानंद यादव का कहना है कि दुर्घटना करने वाले वाहन के नंबर के आधार पर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।