दोहरीघाट। थाना क्षेत्र के दोहरीघाट आजमगढ़ मार्ग पर ग्राम रामपुर धनौली के सामने बृहस्पतिवार की रात सामने से आ रही ट्रक के धक्के से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चला रहा युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।
आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के महुला निवासी रामकेश यादव (35) पुत्र नान्हू अपने एक रिश्तेदार रौनापार थाने के ही मठिया मड़ई निवासी शशिकांत यादव के साथ बाइक से दोहरीघाट से अपने घर जा रहा था। कस्बे से आगे दोहरीघाट-आजमगढ़ पर रामपुर धनौली के सामने तेज गति से सामने से आ रही ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। जिससे बाइक पर पीछे बैठे रामकेश की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक चला रहे शशिकांत घायल हो गया। शशिकांत ने घटना की जानकारी घर वालों को दी।
इधर हादसे की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक टेंपो चालक था। वह टेंपो चलाकर अपने परिवार की परवरिश करता था। हादसे की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी तथा उसकी तीन बेटियां तनु, पायल, रिया और एक पुत्र भोला का रो रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस बाइक को ठोकर मारने वाले ट्रक का सुराग लगाने में जुटी है।