हलधरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के रजमलपुर निवासी एक युवक की आजमगढ़ जिले के पवई गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ बाइक से लखनऊ जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रजमलपुर गांव निवासी मंजीत राजभर (35) पुत्र लल्लन राजभर बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे घर से घोसी निवासी अपने दोस्त के साथ बाइक से लखनऊ के लिए निकला था। आजमगढ़ जिले के पवई के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर पीछे से किसी वाहन ने उसकी बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी बाइक उछलकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे मंजीत को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।मंजीत खेती करता था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मंजू, पुत्री आराधना (11) और पुत्र अर्पण (9) के साथ उसके माता-पिता दहाड़ें मारकर रोते रहे।