मऊ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना में कोविड-19 महामारी के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि अंतर्गत आक्सीजन प्लांट रूम एवं विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि अंतर्गत ऑक्सीजन गैस प्लांट स्थापना कार्य का भूमि पूजन विधायक मुहम्मदाबाद गोहाना श्रीराम सोनकर, जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल एवं पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान ने विधि विधान से किया।
इस मौके पर विधायक श्रीराम सोनकर ने कहा कि देश में भले ही कोरोना के मामले कम हो रहे हों लेकिन लोगों को तीसरी लहर की भी चिंता सता रही है।तीसरी लहर के दौरान किसी मरीज को ऑक्सीजन की कमी से जान न गंवाना पड़े। इसके लिए यह ऑक्सीजन प्लांट का शिलान्यास किया गया है। इसका निर्माण कार्य काफी तेजी से किया जा रहा है जल्द ही इसका निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. धनपाल सिंह, उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना, खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहाना उपस्थित रहे।