वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मड़हा गांव के पास शुक्रवार की सुबह तमसा नदी में युवक का शव उतराया पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर निवासी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, संदीप उम्र 27 वर्ष पुत्र जीयावन निवासी टेकनगड़ा कोतवाली जीयनपुर आजमगढ़ बृहस्पतिवार को सुबह भर में लगभग चार बजे किसी बात को लेकर पिता की डांट पर घर से निकल गया और भागते हुए ओझौली गांव के पास तमसा नदी पर बने पुल से नीचे छलांग लगा दिया। युवक के पीछे उसके पिता भी भागते आए तब तक युवक पुल से छलांग लगा दिया था। युवक के पिता जीयावन ने जीयनपुर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस द्वारा गोताखोरों को बुलवाकर युवक को नदी में खोजने का पूरा प्रयास किया गया मगर कहीं पता नहीं चल सका।
शुक्रवार की सुबह कोतवाली के मड़हा गांव में युवक का शव नदी में उतराया पाया गया। गांव के किसी व्यक्ति की नजर शव पर पड़ी और इसकी सूचना मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस को दिया। मौके पर पहुंचे सीओ अजय विक्रम सिंह कोतवाल संजय कुमार त्रिपाठी ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करवाया। उसकी पहचान संदीप पुत्र जीयावन निवासी टेकन गड़ा कोतवाली जीयनपुर आजमगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने युवक के परिजनों को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।