मुहम्मदाबाद गोहना-- घोसी मार्ग पर तमसा नदी पर बना पुल हुआ जर्जर। संवाद
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग तमसा नदी पर बने जर्जर पुल को भारी वाहनों से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से पुल के दोनों तरफ लगाए गए बैरियर अब गायब हो गए हैं। इसके चलते पुल से एक बार फिर धड़ल्ले से भारी वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
तमसा नदी पर बने इस पुल की स्थिति काफी समय से खराब है। पुल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग की ओर से भारी वाहनों का आवागमन रोकने के लिए दोनों तरफ बैरियर लगाए गए थे। इसका उद्देश्य पुल पर भारी वाहनों का दबाव कम करना और उसे और अधिक क्षतिग्रस्त होने से बचाना था। लेकिन लगभग 10 दिनों से दोनों तरफ लगाए गए बैरियर गायब हो गए। इसके बाद से भारी वाहन बिना किसी रोक-टोक के पुल से गुजर रहे हैं। जय भीम कुमार, अमरनाथ चौहान,धर्म सिंह, मनोज, सरवन आदि लोगों का कहना है कि पुल की हालत पहले से ही जर्जर है। ऐसे में भारी वाहनों का लगातार आवागमन पुल के लिए खतरा बन सकता है। इस बाबत एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि लक्ष्मी पूजा में मूर्ति विसर्जन को लेकर बैरियर हटाए गए थे विसर्जन बीत जाने के बाद बैरियर लगाया गया था लेकिन वाहनों की टक्कर से दोनों तरफ के बैरियर टूट गए हैं जिनको जल्द ही और मजबूत बनवा कर लगाया जाएगा जिससे पुल पर भारी वाहन प्रतिबंधित हो जाएंगे और पुल की सुरक्षा बढ़ जाएगी।