नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर शुक्रवार को बलिया वॉरियर्स और गाजीपुर विजार्ड के बीच 20-20 ओवर का मैच खेला गया। बलिया वॉरियर्स ने संतोष कुमार के पांच विकेट की बदौलत गाजीपुर विजार्ड को 54 रनों से हरा दिया।
मैच में बलिया वॉरियर्स के कप्तान पीयूष पांडेय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 165 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज आलोक कुमार ने 41 रन, पंचानन ने 21 रन, बीके सिंह ने 29 रन, राजेश यादव ने 36 रन और दिलीप यादव ने 23 रन बनाए। वहीं अतिरिक्त के रूप में 15 रन मिले।
गाजीपुर विजार्ड की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज सुनील कुमार रहे, जिन्हें दो विकेट मिले, जबकि मुकेश कुमार को एक विकेट मिला। 166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर विजार्ड की टीम बलिया वॉरियर्स के गेंदबाज संतोष कुमार की धारदार गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी।
संतोष ने पांच विकेट लिए। गाजीपुर विजार्ड की टीम मात्र 111 रन पर ऑल आउट हो गई।
गाजीपुर की तरफ से बल्लेबाजी में रोहित शर्मा ने 25 रन, अखिलेश कुमार ने 32 रन और अनीश राजभर ने 27 रन बनाए।
इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पूरी टीम 11.3 ओवर में 111 रन पर सिमट गई और मैच में 54 रन से हार गई। बलिया वॉरियर्स की तरफ से संतोष कुमार को पांच विकेट, श्रीकेश और रजनीश को दो-दो विकेट तथा वीके यादव को एक विकेट मिला। मैच के मैन ऑफ द मैच संतोष कुमार रहे, जिन्होंने पांच विकेट लिए। मैच के अंपायर अमित और प्रिंस रहे, जबकि स्कोरिंग रोहित ने की।