कलेक्ट्रेट में जिला सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी अरूण कुमार।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में बैंक सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान एसबीआई की खराब प्रगति पर उन्होंने फटकार लगाई। पीएमईजीपी योजना की समीक्षा के दौरान लीड बैंक मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि कुल 73 आवेदन प्रेषित किए गए, जिसमें 18 स्वीकृत एवं सात वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 75 आवेदनों के मुकाबले 10 स्वीकृत एवं सात में ऋण वितरित किए गए। योजनाओं में सबसे खराब प्रगति भारतीय स्टेट बैंक के होने पर जिलाधिकारी ने फटकार लगाते उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य बैंकर्स को भी निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को सभी रोजगार परक योजनाओं की लगातार समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी वितरण के प्रगति की भी जानकारी ली। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं हेतु ऋण उपलब्ध कराने में सक्रियता दिखाने एवं शासन की मंशानुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, उप कृषि निदेशक एस0पी0 श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. ददन कुमार सहित जिलास्तरीय अधिकारी शामिल रहे।