नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर मंगलवार को ‘सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़’ और ‘प्रवीण क्रिकेट एकेडमी, मऊ’ के बीच मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आजमगढ़ की टीम ने मऊ को एक विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
मैच में आजमगढ़ के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले मेजबान टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। आजमगढ़ के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के इस फैसले को सही साबित कर दिखाया।
मात्र 8 रन के स्कोर पर मऊ के शीर्ष क्रम के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए, जिनमें से तीन बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद आदित्य ने 10 रन, अन्नू ने 25 रन, मोनू ने 12 रन और कप्तान प्रवीण ने शानदार 116 रनों की पारी खेली।
अतिरिक्त के रूप में मिले 51 रनों की मदद से मऊ की टीम ने 27.3 ओवरों में 250 रन का लक्ष्य खड़ा किया। आजमगढ़ की तरफ से गेंदबाज आशुतोष ने पांच विकेट, दिव्यांश मिश्रा ने तीन विकेट और अमित यादव ने दो विकेट अपने नाम किए।
251 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजमगढ़ की टीम के बल्लेबाज अंश यादव ने 15 रन, अंशु ने 13 रन, अग्रिम ने 15 रन, सुमित ने 89 रन और अमित यादव ने नाबाद 41 रनों की पारी खेलकर मैच को बेहद रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया।
अंतिम गेंद पर आजमगढ़ को जीत के लिए एक रन और मऊ को एक विकेट की जरूरत थी। ऐसे नाजुक मौके पर आजमगढ़ के बल्लेबाज प्रियांशु ने सूझबूझ दिखाते हुए एक रन लेकर अपनी टीम को विजय दिला दी।
मऊ की तरफ से गेंदबाज उत्सव चौहान को चार विकेट, नैतिक को तीन विकेट और आदित्य को दो विकेट मिले। मैच में शानदार पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज आशुतोष यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। अंपायर की भूमिका में सुंदरम दुबे और पवन यादव रहे, जबकि स्कोरिंग का जिम्मा यश ने संभाला।