नगर पालिका सभागार में बुधवार को द्वितीय ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान’ के सफल संचालन को लेकर नपाध्यक्ष अरशद जमाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें संचारी रोगों की रोकथाम पर बल दिया गया। एक से 31 जुलाई तक नालियों, कूलर, फ्रीज आदि की सफाई और जनता को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नगर के आम लोगों को जागरूक करने को लेकर 1 जुलाई से 31 जुलाई 2023 तक चलाये जाने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 16 जुलाई से 31 जुलाई तक ‘दस्तक अभियान’ में वार्ड सभासदों के सहयोग से स्वास्थ्य कर्मी ‘डोर टू डोर’ जाकर चिकनगोनिया, क्षय रोग (टीबी), डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार जैसे संचारी रोगों के बारे में जनता को जागरूक करेंगे। इस दौरान उनके द्वारा कम जलभराव वाले स्थानों या नालियों, कूलर, फ्रीज आदि की सफाई करने व दवाओं के नियमित छिड़काव कराने पर बल दिया गया। वहीं दिमागी बुखार के बारे में बताया कि यह रोग मच्छर के काटने से होता है लेकिन यह दिमागी बुखार उन मच्छरों के काटने से होता है जो मच्छर दिमागी बुखार से पीड़ित किसी मरीज को काट कर सूअर को भी काटे और फिर उसके बाद किसी आदमी को काट ले। यदि इस प्रक्रिया में सुअर बीच में न हो तो मच्छर के काटने से दिमागी बुखार नहीं होता।
वहीं नपाध्यक्ष अरशद जमाल ने कार्यशाला में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पालिका द्वारा चलाए जा रहे संचारी रोगों की रोकथाम में विभागीय लोगों का सहयोग कर आम जनता को जागरूक करें। संचारी रोगों से बचाव के लिये सफाईकर्मियों की अत्यंत अहम भूमिका है। इनके बिना लक्ष्य को प्राप्त करना संभव नहीं। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिया कि शहर के नाले एवं नालियों में एंटी लार्वा एवं मच्छर मार दवाओं का छिड़काव नियमित रूप से करते रहें। बैठक में ईओ दिनेश कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक-सत्य प्रकाश, नरेन्द्र कुमार, डॉ. अभिषेक राय, बीएमसी-रजिया नाज, यूनीसेफ से सौरभ सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।