रतनपुरा/हलधरपुर। हलधरपुर थाना क्षेत्र के थलईपुर चट्टी के पास बृहस्पतिवार की शाम स्कार्पियो तथा ऑटो की आमने सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा कस्बा निवासी छेदी राजभर 42 पुत्र लखन राजभर ऑटो चालक है। रोजाना की तरह वह बृहस्पतिवार की शाम ऑटो लेकर मऊ से रतनपुरा को वापस आ रहा था। अभी वह थलईपुर चट्टी के पास पहुंचा था कि रतनपुरा से मऊ की तरफ जा रहे बेकाबू स्कार्पियो चालक ने सामने से ऑटो में टक्कर मार दी।हादसे के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इससे गंभीर चोट लगने से चालक छेदी राजभर की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरा सवार रामाशंकर 55 पुत्र मुन्ना निवासी मठिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजवाने के साथ मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व प्रधान रामाश्रय मौर्य ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दिया, और उसे आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है।