फतेहपुर मंडाव। मधुबन थाना के सरया मोड़ के पास बृहस्पतिवार की सुबह आटो और बस में आमने सामने भिडंत हो गई। इसमें ऑटो चालक समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया।
रामपुर थाना के कमलसागर निवासी भूपेंद्र (35) सुबह सवारी भरकर बेंल्थरा रोड के लिए निकला। अभी सरया मोड़ के पास पहुंचा ही था कि बेल्थरा से राजस्थान के लिए जा रही निजी बस से आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो सड़क किनारे खाई में पलट गई। उधर, बस में भी अफरातफरी मच गई। ऑटो में सवार तीन लोगों ने कूदकर जान बचाई। इसमें चालक भूपेंद्र और बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना के नवानगर निवासी सोनू कन्नौजिया (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया।