उड़ी में सैन्य शिविर पर पाक समर्थित आतंकियों के हमले के विरोध में लोगों की नाराजगी थमने का नाम नहीं ले रही है। शहरों ने लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और पाक के विरोध में जुलूस निकाला गया। इस दौरान पाक के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई की मांग की गई।
मझवारा प्रतिनिधि के अनुसार कोपागंज विकास खंड के कसारा चौक पर युवा समाजसेवी दिव्येन्दु राय के नेतृत्व में युवाओं ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ़ का पुतला दहन किया। दिव्येन्दु ने कहा कि पाकिस्तान की शह पर उड़ी में हुए आतंकी हमले के जिम्मेदार एवं यूएन में आतंकवादी बुरहान वानी को अपना हीरो बताने वाले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ मानसिक तौर पर दीवालिया हो चुके हैं। उन्होंने एक आतंकवादी बुरहान वानी को अपना हीरो बताकर खुद को वैश्विक पटल पर आतंक समर्थित राष्ट्र घोषित कर दिया।
कहा कि यूएन को इस मामले को संज्ञान में लेते हुए त्वरित कार्यवाही करनी चाहिए एवं केंद्र सरकार को सिंधु नदी जल संधि को खत्म करना चाहिए। इस दौरान ओमकार राय, सौरभ राय, हिमांशु, रोहित, पीयूष, कृष्णा, अनूप मिश्रा, सोनू आदि उपस्थित रहे।
अमिला संवाददाता के अनुसार जम्मू कश्मीर के उड़ी आतंकी हमले में 18 जवानों को मौत के घाट उतारने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बोझी बाजार में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला फूंका और पाकिस्तान के विरोध में नारे लगाए। इस अवसर पर बिंदु सिंह, गिल्लू राय, शैलेन्द्र राय, अवनीश, उमेश, अखिलेश, अंगद, टुनमुन, राधेश्याम, विवेक, महेंद्र, राहुल और राजन आदि उपस्थित रहे।
उधर, कुसुम्हा क्षेत्र के बेलौली से कोरौली तक वीर जवानों अमर रहे, पाकिस्तान मुर्दाबाद, नवाज शरीफ मुर्दाबाद आदि के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जुलूस बेलौली से कौरौली तक शहीदों की याद में निकाला। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि भारत में घुसपैठ कर जवानों की हत्या करना पाकिस्तान की कायराना हरकत है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। इस मौके पर डा. इसहाक, सलीम, इश्तयाक, शमशाद आदि रहे।