घोसी। दरियाबाद में सुभासपा नेता और पूर्व बेल्थरारोड विस के पूर्व अध्यक्ष शैलेश राजभर से मारपीट व छिनैती मामले में पुलिस ने शनिवार देर शाम छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर मड़ई निवासी शैलेश राजभर की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार शनिवार सुबह वो घोसी लोकसभा से एनडीए प्रत्याशी के लिए प्रचार प्रसार करते हुए दरियाबाद गांव पहुंचे। तभी वहां दरियाबाद हुड़ही गांव निवासी तेजू यादव पांच अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचा। बाइक रोककर गाली देने लगा। गमछा से गला दबाने लगे। विरोध करने पर पार्टी के मुखिया पर अभद्र टिप्पणी करते हुए जेब में रखे 225 रुपये छीन लिए। जाते जाते जान मारने की धमकी देते चले गए। तहरीर पर पुलिस तेजू और उसके पांच साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।